घर में उगाएं चायपत्ती: चाय ये सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि हमारे दिन की शुरुआत और कई बार दिन का सुकून भी है। सुबह की नींद खोलने वाली चाय हो या शाम की थकान मिटाने वाली, चाय हमारे हर छोटे-बड़े पल की साथी बन चुकी है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बाज़ार से लाई गई चायपत्ती के बजाय आप खुद अपने घर में चायपत्ती उगाकर उसका आनंद ले सकते हैं?
चायपत्ती का पौधा क्यों लगाएं?
भारत में शायद ही कोई ऐसा घर हो जहां चाय की चर्चा न होती हो। कुछ लोग सुबह की शुरुआत चाय के बिना सोच भी नहीं सकते, तो कुछ दिनभर कई कप पी जाते हैं। ऐसे में अगर आप अपने ही घर में चायपत्ती उगाएं, तो इसका स्वाद और गुणवत्ता दोनों में फर्क साफ़ महसूस होगा। ताजी पत्तियों से बनी चाय में कोई केमिकल नहीं होता, जिससे यह न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होती है।
घर में चायपत्ती उगाने का तरीका
बीज से
- अच्छी गुणवत्ता वाले चाय के बीज लें।
- इन्हें कुछ घंटों के लिए पानी में भिगोकर रखें ताकि अंकुरण आसान हो।
- एक ऐसा गमला चुनें जिसमें पानी निकासी की अच्छी व्यवस्था हो।
- गमले की मिट्टी में सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं और बीज बो दें।
कलम से
- चाय के किसी स्वस्थ पौधे से 6–8 इंच लंबी शाखा काटें।
- इसे गमले में लगाकर थोड़ा पानी दें।
- कुछ ही समय में यह कलम जड़ पकड़ लेगी और नया पौधा बन जाएगा।
धूप, पानी और खाद का रखिए ध्यान
चाय का पौधा हल्की धूप और 10–33°C तापमान में अच्छा बढ़ता है। तेज़ धूप से बचाएं और ठंड में हल्की धूप वाली जगह रखें। रोज़ एक बार पानी दें और हर 30 दिन में जैविक खाद डालें ताकि पौधा हरा-भरा और स्वस्थ रहे।
कटाई और ताजी चाय की तैयारी
चाय के पौधे लगाने के लगभग एक साल बाद पहली बार पत्तियां तोड़ी जा सकती हैं। कटाई धीरे-धीरे और सावधानी से करें। समय-समय पर पत्तियां छांटते रहें ताकि पौधा घना और खूबसूरत बना रहे। ताजी पत्तियों से बनी चाय का स्वाद बाजार की चाय से बिल्कुल अलग और खास होता है।
इन जरूरी बातों का भी रखें ध्यान
- पौधे को समय-समय पर छाँटते रहें ताकि वह घना और सुंदर बना रहे।
- ठंड के मौसम में गमले को किसी गर्म जगह पर रखें।
- कीटों से बचाने के लिए नीम के पानी या घरेलू प्राकृतिक कीटनाशक का छिड़काव करें।
और ये भी पढ़े:- काली मिर्च की खेती से जुड़िए, कम मेहनत में मिलेगी अच्छी आमदनी!