अकवान तूफान से फसलें बर्बाद, 5.73 लाख किसानों को मिलेगा मुआवजा; मुफ्त बीज भी बांटेगी सरकार
पश्चिम बंगाल के किसानों के लिए राहत की खबर है। चक्रवाती तूफान अकवान और भारी बारिश से फसल गंवाने वाले किसानों को राज्य सरकार आर्थिक मदद देगी। सरकार ने इसके लिए 205 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे करीब 5.73 लाख किसानों को फायदा मिलने का अनुमान है।
किसानों को फसल और जमीन की स्थिति के आधार पर 8,500 से 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर तक सहायता मिलेगी। मुआवजे की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा, करीब 48,000 किसानों को मुफ्त बीज भी दिए जाएंगे।
9 जिलों में 1.6 लाख हेक्टेयर फसल प्रभावित
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में कृषि और बागवानी क्षेत्र को करीब 1,261 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बारिश और जलभराव से लगभग 1.6 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित हुई है।
इसमें धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। करीब 1.31 लाख हेक्टेयर में धान की फसल प्रभावित हुई है। इसके अलावा आलू, सरसों और दूसरी फसलों को भी नुकसान हुआ है।
फूलों, पान और सब्जियों की खेती पर भी बारिश का असर पड़ा है। प्रभावित जिलों में हुगली, हावड़ा, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पूर्व मेदिनीपुर शामिल हैं।
किसानों को कितना मिलेगा फसल नुकसान का मुआवजा?
पश्चिम बंगाल सरकार ने फसल और खेती की स्थिति के आधार पर सहायता राशि तय की है।
-
सिंचित जमीन: फसल खराब होने पर 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की मदद मिलेगी। न्यूनतम सहायता 2,000 रुपये होगी।
-
असिंचित जमीन: बारिश के पानी पर निर्भर खेती में नुकसान होने पर 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे। न्यूनतम सहायता 1,000 रुपये होगी।
-
बारहमासी फसलें: नुकसान होने पर 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर का मुआवजा दिया जाएगा।
-
रबी और खरीफ फसलें: दोनों मौसम की फसलों के लिए न्यूनतम 2,500 रुपये की सहायता तय की गई है।
48 हजार किसानों को मुफ्त बीज भी मिलेंगे
मुआवजे के अलावा सरकार करीब 48,000 किसानों को मुफ्त बीज उपलब्ध कराएगी। इसका उद्देश्य प्रभावित किसानों को अगली फसल की बुवाई में मदद देना है।
इस राहत पैकेज से उन किसानों को सहारा मिलने की उम्मीद है, जिनकी फसल भारी बारिश और खेतों में जलभराव के कारण बर्बाद हुई है।
