मध्यप्रदेश के किसानों को नकली बीजों से हो रही परेशानी पर अब सरकार सख्त हो गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा के गंजबासौदा इलाके का दौरा किया। उन्होंने खुद खेत में जाकर बीजों की जांच की और हालात को समझा।
नकली बीज (Fake Seed): केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देखा कि नकली बीजों के कारण किसानों की फसलें नहीं उगीं और बर्बाद हो गईं। उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर को जांच के आदेश दिए और किसानों को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने नकली बीज और कीटनाशकों के खिलाफ नया कानून लाने की बात कही और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बेकार हो गई किसान की फसल
नकली बीजों की वजह से किसानों की बोवनी खराब हो गई और पूरी फसल बर्बाद हो गई। कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसे बीजों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने वादा किया कि खराब या अमानक बीज बेचने वाली कंपनियों और सोसायटियों पर सख्त कार्रवाई होगी। मंत्री ने कहा कि नकली बीज किसानों के साथ एक तरह का धोखा है।
किसानों की शिकायत पर एक्शन में शिवराज
गंजबासौदा दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक्शन मोड में दिखे। किसानों की शिकायत पर वे रविवार को ककराओदा गांव पहुंचे और खुद खेतों में जाकर बीजों की हालत देखी। उन्होंने खेत में खुदाई कर सोयाबीन के बीज निकाले, जो अंकुरित नहीं हुए थे। मंत्री ने माना कि बीज खराब थे, जिससे बुआई बेकार हो गई और किसानों की मेहनत और पैसा दोनों बर्बाद हो गए।
मौके पर ही कलेक्टर को जांच के आदेश
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेतों की स्थिति देखकर नाराज़गी जताई और मौके पर ही विदिशा कलेक्टर को जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उन्हें फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा मिलेगा।
और ये भी पढ़े :– कश्मीरी सेब किसानों को राहत, आयात नीति पर होगी समीक्षा